रक्तदान शिविर का आयोजन 9 अप्रैल को

निंबाहेड़ा, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के स्थापना दिवस के अवसर पर निंबाहेड़ा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 9 अप्रैल 2026 को राजकीय जिला चिकित्सालय, निंबाहेड़ा में प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
NSUI परिवार निंबाहेड़ा द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य गर्मी के मौसम में होने वाली रक्त की कमी को दूर करना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। आयोजकों ने बताया कि गर्मी के दिनों में रक्तदान करने वालों की संख्या कम हो जाती है, जिससे अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता प्रभावित होती है। ऐसे में यह पहल समाजसेवा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शिविर में ब्लड संग्रहण का कार्य श्री सांवरियाजी राजकीय सामान्य चिकित्सालय द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम में युवाओं, सामाजिक संगठनों, आमजन एवं विभिन्न संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रक्तदान करने की अपील की गई है। आयोजकों ने यह भी स्पष्ट किया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि रक्तदान करने से नए रक्त का निर्माण होता है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है।
NSUI कार्यकर्ताओं ने कहा कि “रक्तदान महादान” है, जो किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचाने में सहायक हो सकता है। शिविर में चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि रक्तदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अंत में NSUI परिवार निंबाहेड़ा ने सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि वे 9 अप्रैल को इस पुनीत कार्य में भाग लेकर मानवता की सेवा में अपना योगदान दें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
