सदियों से आस्था और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र रहा है चंद्रेसल मठ - बिरला

कोटा, । महाशिवरात्रि के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चंद्रेसल स्थित प्राचीन चंद्रेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित मेले एवं विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान महादेव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
बिरला ने कहा कि चंबल तट के निकट स्थित यह दसवीं शताब्दी का ऐतिहासिक शिवालय सदियों से आस्था और सांस्कृतिक पहचान का केंद्र रहा है। यह मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि कोटा की प्राचीन विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंदिर की पुरातात्विक धरोहर को सुरक्षित रखते हुए इसे आवश्यक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके। मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रथम चरण में 10 करोड़ रूपए के कार्य भी शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण पर्यटन से भी जोड़ा जाएगा। क्षेत्र में मगरमच्छ संरक्षण को लेकर प्रयास किए जाएंगे।
विधायक कल्पना देवी ने कहा कि चंद्रेसल क्षेत्र में लगभग 1.63 करोड़ रूपए के कार्य पूरे हो चुके हैं, 49.59 लाख रूपए के कार्य प्रगति पर हैं और 6.81 करोड़ रूपए के कार्य प्रक्रिया में हैं। महाशिवरात्रि पर चार प्रमुख कार्यों का शिलान्यास किया गया। वार्ड 20 में 715 मीटर सड़क 42.23 लाख रूपए की लागत से बनेगी। शिव मठ के लिए 80 मीटर एप्रोच सड़क 53.43 लाख रूपए में तैयार होगी। श्मशान के पास नाले पर पुलिया व एप्रोच मार्ग 48.67 लाख रूपए से बनेगा। रोटेदा श्मशान से चंद्रेसल तक 3.40 किलोमीटर सीसी सड़क 5.37 करोड़ रूपए की लागत से बनाई जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बिरला ने विभिन्न कार्यक्रमों में लिया भाग
महाशिवरात्रि के अवसर पर बिरला ने कोटा के मंगलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर हाड़ौती केसरी दंगल के शुभारंभ समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि मंगलेश्वर व्यायामशाला के संरक्षक नाथुलाल जी सुमन की मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि यहाँ की मिट्टी से निकले युवा आज इस खेल के माध्यम से हाड़ौती का गौरव बढ़ा रहे हैं।
इसके बाद उन्होंने भीतरिया कुण्ड में श्री पंचमुखी सोमेश्वर सेवा समिति द्वारा आयोजित निशुल्क विवाह सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सहयोग और सादगी की भावना को मजबूत करते हैं।
