हिंद जिंक विद्यालय को मिला राजस्थान के सर्वश्रेष्ठ स्कूल का सम्मान

चित्तौड़गढ़। उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम करते हुए हिंद जिंक विद्यालय सह-शिक्षा स्कूल को एजुकेशन वर्ल्ड, इंडिया द्वारा राजस्थान के सर्वश्रेष्ठ स्कूलों की श्रेणी में चयनित किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित पुलमैन एरोसिटी में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. बिंदु नायर ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। एजुकेशन वर्ल्ड, इंडिया द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर शिक्षा और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए यह सम्मान दिया गया। समारोह में देश के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर संस्था के अध्यक्ष एवं चंदेरिया जिंक स्मेल्टर के आईबीयू हेड आलोक रंजन, सचिव अमित सुराणा और प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों ने विद्यालय परिवार को बधाई दी। इस सम्मान के साथ हिंद जिंक विद्यालय ने न केवल चित्तौड़गढ़ जिले में बल्कि पूरे देश में एक नई पहचान बनाई है।
