मकर संक्रांति पर श्री जैन दिवाकर कमल गौशाला में उमड़ा गौ-भक्तों का सैलाब

मकर संक्रांति पर श्री जैन दिवाकर कमल गौशाला में उमड़ा गौ-भक्तों का सैलाब
X

निम्बाहेड़ा। मकर संक्रांति के पावन पर्व के अवसर पर बुधवार को श्री जैन दिवाकर कमल गौशाला में गौ सेवा का विशेष आयोजन हुआ। इस दौरान नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गौ-भक्त गौशाला पहुंचे और गायों को हरा चारा, कड़प, कुट्टी, पोषाहार एवं गुड़ खिलाकर गौ सेवा की।

कार्यक्रम के तहत पूर्व जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर ने कैलाश डांगी, मुकेश अहीर, खुशहाल टेलर के साथ गौशाला में गायों को हरा चारा खिलाकर गौ सेवा की। इसी क्रम में नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान रॉबिन स्कूल एवं सीआईआईटी के संचालक दीपक सगरावत के निर्देशन में रॉबिन स्कूल के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने गौशाला पहुंचकर गायों को हरा चारा व गुड़ खिलाया। बच्चों द्वारा की गई इस सेवा ने सभी का मन मोह लिया और उन्हें गौ सेवा के महत्व का संदेश दिया। इसके साथ ही जेके सीमेंट की ओर से पशु चिकित्सक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में उनकी टीम ने भी गौशाला पहुंचकर गौ सेवा की। साथ ही बडोली घाटा क्षेत्र की महिलाओं ने भी गौशाला में पहुंचकर गायों को हरा चारा खिलाया और पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर श्री जैन दिवाकर कमल गौशाला के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अशोक नवलखा तथा मंत्री अजीत जैन ने गौ सेवा के लिए पधारे सभी श्रद्धालुओं एवं संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति जैसे पर्व पर गौ सेवा करना भारतीय संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे समाज में करुणा और सेवा भाव का विस्तार होता है।

कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल मंत्री आशीष बोडाना, अंतरिक्ष साहू, विनोद नागोरी सहित बड़ी संख्या में गौ-भक्त एवं नगरवासी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान गौशाला परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

Next Story