ओलावृष्टि और फसल खराबे पर ग्रामीण कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

चित्तौड़गढ़ बीएचएन। ग्रामीण कांग्रेस के तत्वाधान में पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए ओलावृष्टि और बिन मौसम बारिश से हुए फसल नुकसान पर किसानों को शीघ्र राहत देने की मांग की।
ग्रामीण कांग्रेस प्रवक्ता नवरतन जीनगर ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि हाल ही में चित्तौड़गढ़ क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि और भारी बारिश से किसानों की खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई स्थानों पर फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है तो कहीं दो तिहाई तक खराब हो चुकी है। इससे किसान गहरे संकट में आ गया है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले अतिवृष्टि के कारण कई किसानों की बुआई तक नहीं हो पाई थी और जहां फसल बोई गई थी वह भी बारिश में बह गई। उस समय प्रशासन ने नुकसान का आंकलन किया था, जिससे किसानों को मुआवजे की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब तक राहत नहीं मिल पाई है। इसके बाद किसानों को यूरिया की भारी किल्लत झेलनी पड़ी और अधिक कीमत चुकाने के बावजूद समय पर खाद नहीं मिल सकी, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि चित्तौड़गढ़ जिला अफीम उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी है और इस बार खड़ी अफीम की फसल को भी व्यापक क्षति हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि नुकसान की रिपोर्ट नारकोटिक्स विभाग को भेजी जाए ताकि किसानों को नियमानुसार रियायत मिल सके, अन्यथा हजारों पट्टे निरस्त होने की आशंका बन गई है।
ग्रामीण कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से आग्रह किया कि बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का तत्काल आंकलन कराकर सरकार से किसानों के लिए आर्थिक सहायता सुनिश्चित करवाई जाए, ताकि क्षेत्र में फैल रहे असंतोष को कम किया जा सके।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम जाट, मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह भाटी, अर्जुन रायका, रविराज सिंह जाड़ावत, ओबीसी जिलाध्यक्ष गेरूगिरी गोस्वामी, रामेश्वरलाल बैरवा, श्रीलाल गुर्जर, रतन धाकड़, भंवरलाल मेनारिया, किशन धाकड़, शांतिलाल धाकड़ सहित अनेक ग्रामीण प्रतिनिधि मौजूद रहे।
