पक्के आवास का सपना हुआ साकार, प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली श्रीमती संपत नायक के परिवार की जिंदगी

चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ की ग्राम पंचायत पांडोली के ग्राम माताजी की पांडोली में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत लाभान्वित किया गया। संपत पत्नी प्रकाश नायक को उनके पूर्ण निर्मित आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।
संपत का परिवार पिछले कई वर्षों से कच्चे एवं जर्जर मकान में निवास कर रहा था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकना, गर्मियों में अत्यधिक गर्मी और सर्दियों में ठंड से बचाव के पर्याप्त साधन न होना, उनके परिवार के लिए बड़ी परेशानी का कारण था। सीमित आय के कारण वे स्वयं पक्का मकान बनाने में सक्षम नहीं थे, जिससे उनका पक्के घर का सपना अधूरा ही रह गया था।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत उनके आवास का स्वीकृति प्रस्ताव पारित होने के बाद चरणबद्ध रूप से निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। योजना के तहत उन्हें नियमानुसार वित्तीय सहायता प्रदान की गई, जिससे गुणवत्तापूर्ण पक्का मकान तैयार हुआ। नव-निर्मित आवास में अब उन्हें सुरक्षित छत, स्वच्छ वातावरण एवं मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
ग्राम उत्थान शिविर के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में जब श्रीमती संपत को उनके नए आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई तो उनके चेहरे पर संतोष और खुशी स्पष्ट दिखाई दी। उन्होंने राज्य एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “अब मेरे बच्चों को बारिश में भीगना नहीं पड़ेगा और हम सुरक्षित व सम्मानपूर्वक जीवन जी सकेंगे।”
ग्राम उत्थान शिविर का उद्देश्य पात्र परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ द्वारा निरंतर प्रयास कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवास, स्वच्छता, रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
यह सफलता की कहानी इस बात का प्रमाण है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं सभी पात्र तक पहुँचने पर उनके जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने में सक्षम हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से “सबका साथ, सबका विकास” की संकल्पना को धरातल पर साकार किया जा रहा है।
