प्रतापनगर महात्मा गांधी स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा: बड़ा हादसा टला

चित्तौड़गढ़। शहर के प्रतापनगर स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूल भवन की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक नीचे गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय प्लास्टर गिरा, वहां बच्चे मौजूद नहीं थे, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
राजस्थान सरकार के पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की मरम्मत के लिए प्रशासन को कई बार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद ध्यान न देना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है। जाड़ावत ने कहा कि झालावाड़ में बच्चों की मौत के बाद भी इस तरह की घटना होना प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा संकेत है।
उन्होंने मांग की है कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि चित्तौड़गढ़ विधानसभा के सभी जर्जर स्कूल भवनों का तुरंत निरीक्षण करें। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत बजट "ऊंट के मुंह में जीरा" के समान है, इसलिए जिला प्रशासन को DMFT फंड और UIT से बजट आवंटित कर स्कूल भवनों की मरम्मत करवानी चाहिए ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
