एआई समिट में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा का कड़ा प्रहार: 'देश की गरिमा को आहत करने वाला कृत्य'

चित्तौड़गढ़। दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट (AI Summit) के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा भारत मंडपम के बाहर किए गए प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी जिला चित्तौड़गढ़ ने कड़ा ऐतराज जताया है। भाजपा ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को धूमिल करने वाला अमर्यादित कृत्य बताया है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी, सांसद सी.पी. जोशी, विधायक श्रीचंद कृपलानी, गौतम दक, चंद्रभान सिंह आक्या, अर्जुन लाल जीनगर और सुरेश धाकड़ सहित जिला पदाधिकारियों ने इस घटना की तीव्र निंदा की है। भाजपा नेताओं ने कहा कि एआई समिट जैसे आयोजन भारत की तकनीकी प्रगति और वैश्विक नेतृत्व को प्रदर्शित करने के अवसर होते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण मंच पर इस प्रकार का 'अराजक' प्रदर्शन देश की सकारात्मक छवि को नुकसान पहुंचाने का एक प्रयास है।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत डिजिटल और तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिससे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं। ऐसे समय में विपक्ष का यह व्यवहार विकास के एजेंडे को भटकाने वाला है। पार्टी ने विपक्ष से आग्रह किया है कि विरोध की अभिव्यक्ति सभ्य और मर्यादित होनी चाहिए तथा राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर उन्हें रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

Next Story