एक जिला एक उत्पाद प्रदर्शनी का आयोजन: उद्यमियों को योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान

चित्तौड़गढ़ | राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित मार्बल लघु उद्योग संस्थान भवन में 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) प्रदर्शनी और एमएसएमई जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में इंडो-शाईन मार्बल, हिमालय ऑनिक्स और समदानी ग्रुप सहित कई प्रमुख इकाइयों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राहुल देव सिंह ने उद्यमियों को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना और निर्यात प्रोत्साहन पॉलिसी की विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर ने उद्यमियों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की और औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता व वृक्षारोपण के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर मेवाड चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अर्जुन मूंदड़ा सहित 200 से अधिक उद्यमी उपस्थित रहे।
