निम्बाहेड़ा में टीबी उन्मूलन को लेकर सक्रिय पहल, मरीजों को पोषण किट वितरण

निम्बाहेड़ा। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय निम्बाहेड़ा में टीबी मुक्त भारत अभियान - 2 के अंतर्गत 100 दिवसीय अभियान के दौरान मंगलवार को पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक चंद कृपलानी के मुख्य आतिथ्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत नर्सिंग कॉलेज निम्बाहेड़ा के छात्र छात्राओं द्वारा टीबी उन्मूलन जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे विधायक कृपलानी ने हरि झंडी दिखा कर रवाना किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, नगर महामंत्री देवकरण समदानी सहित जनप्रतिनिधि एवं आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के आरंभ में पीएमओ डॉ.राघव सिंह, ब्लॉक सीएमएचओ डॉ.अनुराधा मीणा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के. आसिफ, नर्सिंग अधीक्षक जितेंद्र सिंघवी, मनीष तोलंबिया, प्रकाश नागोरी, एसटीएस मुकेश राठौड़, पिंटू खटीक आदि ने अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
एसटीएस मुकेश राठौड़ ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र में 100 दिन तक चलेगा, जिसके अंतर्गत टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें बेहतर उपचार एवं पोषण सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, साथ ही उपचार एवं जांच (जैसे एक्स-रे चेस्ट, NAAT टेस्ट) के माध्यम से पूर्णतः इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस दौरान 20 चिन्हित टीबी रोगियों को वंडर सीमेंट के सहयोग से पोषण किट वितरित की गई, जिससे उनके स्वास्थ्य सुधार में सहायता मिल सके।
इस अवसर पर चिकित्सा विभाग के अधिकारी, चिकित्सकगण एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर टीबी उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने और “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
