दुर्गाष्टमी पर हवन एवं गादी (चौकी) समारोह श्रद्धा के साथ संपन्न

निंबाहेड़ा। मनोकामनापूर्ण श्री निमडिया भैरव देव मंदिर में चैत्र शुक्ल पक्ष दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर अष्टमी हवन, महाआरती एवं आशीर्वाद गादी (चौकी) का भव्य एवं दिव्य आयोजन श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
प्रातःकालीन बेला में पंडित राजेश भट्ट के सान्निध्य में पूर्ण विधि-विधान से हवन सम्पन्न हुआ, जिसमें यजमानों एवं श्रद्धालुओं ने आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना की। हवन के दौरान पूर्व विधायक एवं श्री जैन दिवाकर कमल गौशाला के अध्यक्ष अशोक नवलखा, बडौली माधोसिंह के यजमान हरिराम डांगी, रतनलाल कुमावत, चेनराम अहीर मेलाना एवं चिराग मंत्री निम्बाहेडा सहित अनेक श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इसके पश्चात दीपक वैष्णव एवं पंडित शंभूनाथ के सान्निध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मनोकामनापूर्ण श्री निमड़िया भैरव देव की महाआरती सम्पन्न करवाई गई। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
आशीर्वाद गादी (चौकी) में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भैरवदेव का आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को धन्य अनुभव किया। आयोजन में क्षेत्रभर से आए श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं भक्तजनों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग को इस भव्य आयोजन की सफलता का श्रेय दिया।
