"वन्दे गंगा - जल संरक्षण जन अभियान" : 12 जून को कृषि, उद्यान एवं स्वायत्त शासन विभाग की गतिविधियाँ

चित्तौड़गढ़। "वन्दे गंगा - जल संरक्षण जन अभियान" के तहत चित्तौड़गढ़ जिले में 12 जून (गुरुवार) को कृषि, उद्यान एवं स्वायत्त शासन विभाग द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने हेतु विविध जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा फार्मपौण्ड, ड्रिप, स्प्रिंकलर एवं पाइपलाइन योजनाओं की स्वीकृति जारी कर कृषकों को जल संरक्षण आधारित सिंचाई प्रणाली अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया जाएगा। प्राकृतिक, जैविक एवं प्रीसीजन खेती तथा सूक्ष्म सिंचाई पद्धति पर कार्यशालाओं का आयोजन कर नवीन कृषि तकनीकों से किसानों को अवगत कराया जाएगा। पूर्व स्वीकृत कार्यों का अवलोकन एवं मूल्यांकन किया जाएगा, साथ ही नवीन कार्यों की स्वीकृतियां भी प्रदान की जाएंगी।

हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत आगामी पौधारोपण कार्यक्रमों हेतु गड्डे खुदवाने का कार्य आरंभ किया जाएगा। कम्पोस्टिंग तकनीक के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे ताकि जैविक अपशिष्ट के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा मिले।

किसान चौपाल के माध्यम से प्रगतिशील कृषकों से संवाद स्थापित कर जल संरक्षण व उन्नत कृषि विधियों पर विमर्श किया जाएगा।

स्वायत्त शासन विभाग द्वारा चित्तौड़गढ़ के गंभीरी घाट पर दीप-दान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य जनमानस में जल संरक्षण के प्रति श्रद्धा, चेतना एवं सहभागिता की भावना जागृत करना है।

यह अभियान जिले में जल, भूमि एवं पर्यावरण की रक्षा हेतु सामूहिक जनभागीदारी को प्रोत्साहित करता हुआ एक लोकांदोलन का रूप ले रहा है। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कर जनसाधारण की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें।

Next Story