जिला स्तरीय जनसुनवाई: 26 मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित

चित्तौड़गढ़। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए त्रिस्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत गुरुवार को डीओआईटी के जनसुनवाई कक्ष में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई।
इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें उपखंड अधिकारी बीनू देवल, सीडीईओ प्रमोद कुमार दशोरा, उप निदेशक उद्यान विभाग डॉक्टर शंकर लाल जाट सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। जनसुनवाई के दौरान, आमजन ने अपनी समस्याएं रखी और अतिरिक्त जिला कलक्टर ने प्रत्येक परिवाद की सुनवाई की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्वक निस्तारण किया जाए।
जनसुनवाई में अतिक्रमण हटाने, मकान का पट्टा बनवाने, पेंशन दिलाने, पानी, बिजली, सड़क एवं नाली निर्माण, पीएम आवास योजना के तहत मकान दिलवाने, कृषि भूमि से अतिक्रमण हटाने जैसे कुल 26 विभिन्न मामलों पर सुनवाई की गई। संबंधित अधिकारियों को इन मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में उपखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित मामलों की जानकारी दी। यह जनसुनवाई कार्यक्रम आमजन को सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों का शीघ्र समाधान दिलाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।
