22 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा श्री मोड़ेश्वरी माता जयंती दिवस, भव्य शोभायात्रा की तैयारी पूरी

चित्तौड़गढ़ । श्री मोड ब्राह्मण समाज चित्तौड़गढ़ की बैठक रविवार को श्री चारभुजा मंदिर सेगवा में आयोजित हुई, जिसमें सर्वसम्मति से 22 फरवरी 2026 को श्री मोड़ेश्वरी माता जयंती दिवस भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में सेगवा ग्राम के विष्णु प्रसाद, सत्यदेव, वासुदेव, प्रदीप, हरिओम, कमल किशोर, अशोक कुमार, रोशन, विनय, जितेंद्र, कोमल, आशीष और जनार्दन सहित समाजजन मौजूद रहे।
मौड़ ब्राह्मण समाज के हरिओम मौड़ ने बताया कि 22 फरवरी रविवार को सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर श्री चमत्कारी सांवरिया सेठ मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में आगे बैंड बाजे और घोड़े रहेंगे, वहीं बागी पर श्री मोड़ेश्वरी माता का विग्रह विराजमान रहेगा। विशेष आकर्षण के रूप में राकेश रावल द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली सजीव झांकियां लोगों का ध्यान खींचेंगी, जिनमें बाहुबली हनुमान, तांडव नृत्य, शिव परिवार और मोर नृत्य जैसी झलकियां शामिल होंगी।
शोभायात्रा में मौड़ समाज के सभी पुरुष सफेद वस्त्रों में तथा महिलाएं चुनरी धारण कर भाग लेंगी। मार्ग में भक्तों द्वारा तोरण द्वार सजाए जाएंगे और जगह जगह जलपान की व्यवस्था रहेगी। जयकारों के साथ यह शोभायात्रा लगभग 12 बजकर 30 मिनट पर श्री मोड़ेश्वरी माता मंदिर सेगवा पहुंचेगी, जहां संतों का आशीर्वाद समस्त ब्राह्मण समाज को मिलेगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे से महाप्रसाद भोज का आयोजन किया जाएगा।
