40 से अधिक प्रकरणों की हुई सुनवाई – रति चंद जी का खेड़ा में जिला कलक्टर ने की रात्रि चौपाल

चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार रात्रि को बड़ी सादड़ी उपखंड की ग्राम पंचायत रति चंद जी का खेड़ा में रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई का आयोजन कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर 40 से अधिक प्रार्थना पत्रों पर मौके पर ही सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन ने ग्रामीण थावर सिंह के खाद्य सुरक्षा सूची में नाम जोड़ने संबंधी आवेदन पर पटवारी एवं ग्राम सेवक को निर्देशित किया कि पोर्टल खुले होने की स्थिति में पात्र व्यक्तियों के नाम तत्काल सूची में जोड़े जाएं। उन्होंने ग्राम सुंदरपुर में सड़क निर्माण, हैंडपंप स्थापना, पनघट से पानी की आपूर्ति तथा पालनहार योजना में पात्र बच्चों के नाम जोड़ने संबंधी निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए।
इसी तरह दूल्हे सिंह के सीमा ज्ञान प्रकरण पर भी आवश्यक कार्रवाई की गई। चौपाल के दौरान कई प्रार्थना पत्रों पर मौके पर ही निराकरण की कार्यवाही की गई, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।
जिला कलक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को सरकार की योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सके।
रात्रि चौपाल में प्रशिशु आईएएस रविंद्र मेघवाल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार, तहसीलदार विकास अधिकारी ग्राम पंचायत प्रशासक जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
