55 वर्षीय प्रभु बाई को तुरंत मिली वृद्धावस्था पेंशन, प्रशासन का आभार जताया

चित्तौड़गढ़,। निम्बाहेड़ा की पंचायत समिति केली में आयोजित रात्रि चौपाल में 55 वर्षीय प्रभु बाई को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ तुरंत प्रदान किया गया। प्रभु बाई ने चौपाल में अधिकारियों से अपनी समस्याएं साझा करते हुए बताया कि उनके पास जीवन यापन के लिए कोई स्थिर आमदनी का स्रोत नहीं है और वह पीहर में अपने भाई के साथ रहकर गुजर बसर करती हैं।
प्रभु बाई की समस्या सुनते ही जिला कलक्टर ने तत्परता दिखाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए और उनके लिए वृद्धावस्था पेंशन का आवेदन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया। परिणामस्वरूप, प्रभु बाई को तुरन्त पेंशन स्वीकृत कर दी गई। इसके बाद, प्रभु बाई ने जिला कलक्टर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की भी मांग की। जिला कलक्टर ने इस पर तत्परता दिखाते हुए ग्राम विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि वे प्रभु बाई के दस्तावेजों की जांच कर शीघ्र कार्यवाही करें, ताकि उन्हें जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सके।
पेंशन मिलने के बाद प्रभु बाई ने खुशी व्यक्त करते हुए केन्द्र और राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा, “यह पेंशन मेरे जीवन का एक बड़ा सहारा बनेगी और अब मुझे अपने जीवन यापन को लेकर चिंता नहीं होगी। मैं सरकार का दिल से धन्यवाद करती हूं।“
रात्रि चैपाल में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, प्रधान बगदीराम धाकड़, उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, तहसीलदार, विकास अधिकारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, समाज कल्याण अधिकारी जितेन्द्र गढ़वाल, जल संसाधन के राज कुमार शर्मा, जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी सहित चिकित्सा, उर्जा, कृषि विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थी।
