घोसुण्डा में ईसर-गणगौर की भव्य शोभायात्रा, महिलाओं ने हल्दी की रस्म के साथ की सुख-समृद्धि की कामना

घोसुण्डा (हलचल)। चित्तौड़गढ़ जिले के घोसुण्डा कस्बे में ईसर-गणगौर पर्व के अवसर पर माहेश्वरी महिला मंडल के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक आस्था और उल्लास के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने लोकगीतों की गूंज के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष प्रिया न्याति ने बताया कि उत्सव के दौरान महिलाओं ने गणगौर माता को हल्दी अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और अटूट दांपत्य जीवन की मंगलकामना की। यह शोभायात्रा कस्बे के राधा कृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर प्रजापत मोहल्ला, सराफा बाजार, जीनगर मोहल्ला, लक्ष्मीनाथ बड़े मंदिर, सदर बाजार और धानमंडी होते हुए माहेश्वरी भवन पहुँची, जहाँ इसका समापन हुआ।
मीडिया प्रभारी कैलाश चन्द्र जीनगर के अनुसार, शोभायात्रा के दौरान 'सेवरा' का आयोजन अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण रहा। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष रेखा चोखडा, कोषाध्यक्ष रेखा गदिया, सचिव सुनीता बाहेती सहित माहेश्वरी महिला मंडल की समस्त सदस्याएं मौजूद रहीं। पूरे मार्ग में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर लोकगीतों पर नृत्य किया, जिससे माहौल धर्ममय हो गया।
