चित्तौड़गढ़ में 12 से 15 मार्च तक होगा विशाल जौहर श्रद्धांजलि समारोह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ होंगे मुख्य अतिथि

चित्तौड़गढ़ में 12 से 15 मार्च तक होगा विशाल जौहर श्रद्धांजलि समारोह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ होंगे मुख्य अतिथि
X

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ के विश्व प्रसिद्ध दुर्ग पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर-वीरांगनाओं को नमन करने के लिए 12 से 15 मार्च तक तीन दिवसीय विशाल जौहर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाएगा। जौहर स्मृति संस्थान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह के दौरान कई विविध आयोजन होंगे। इनमें राणा सांगा पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कवि सम्मेलन मुख्य आकर्षण रहेंगे। 15 मार्च को एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके साथ ही जौहर श्रद्धांजलि समारोह का मुख्य आयोजन होगा।

मुख्य समारोह शहर के ईनाणी सिटी सेंटर में आयोजित किया जाएगा। ज्ञात हो कि चित्तौड़गढ़ के इतिहास में मातृभूमि की आन-बान और शान की रक्षा के लिए हजारों वीरांगनाओं ने तीन बार जौहर किया था। उनके इसी अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए यह श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस गरिमामयी समारोह में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान सरकार के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और गौतम दक सहित देशभर से कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।


Tags

Next Story