कपासन में विस्फोट स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से ली जानकारी

कपासन में विस्फोट स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से ली जानकारी
X

चित्तौड़गढ़, । जिला कलक्टर आलोक रंजन ने संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन की मिसाल पेश करते हुए गुरुवार रात्रि को कपासन उपखंड क्षेत्र का सघन दौरा किया। कलक्टर ने ग्राम पंचायत रूपाखेड़ी एवं किरखेड़ा में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों के सत्यापन के लिए स्वयं खेतों तक पैदल पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

खेतों में पहुंचकर परखी हकीकत

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने रूपाखेड़ी निवासी दीपक बंजारा और किरखेड़ा निवासी मोतीलाल भील से व्यक्तिगत चर्चा की। ग्रामीणों ने बिजली के बिल अधिक आने और बार-बार फॉल्ट के कारण कृषि कार्य में हो रही बाधा की शिकायत की।

एक प्रकरण में कलक्टर ने उपभोक्ता के खेत पर जाकर बिजली बिल की शिकायत का भौतिक सत्यापन करवाया। मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा जांच कर स्थिति स्पष्ट की गई, जिससे संतुष्ट होकर उपभोक्ता ने प्रशासन का आभार जताया।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

जिला कलक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों में न होकर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध होना चाहिए। जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बंद पड़ी फैक्ट्री में हुए विस्फोट का लिया जायजा

इससे पूर्व, जिला कलक्टर आलोक रंजन ने कपासन उपखंड क्षेत्र में एक बंद पड़ी फैक्ट्री में हुए विस्फोट स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बुधवार को पंचायत समिति एवं उपखंड कार्यालय कपासन पहुंचकर अधिकारियों से इस घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

कलक्टर ने उपखंड अधिकारी और तहसीलदार को निर्देश दिए कि घटना के कारणों की गहनता से जांच की जाए और सुरक्षा मानकों की सुनिश्चितता को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएं।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका, तहसीलदार, अजमेर विद्युत वितरण निगम (AVVNL) के अधीक्षण अभियंता सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story