पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निंबाहेड़ा में वार्षिकोत्सव, प्रतिभा सम्मान समारोह एवं खेल दिवस हर्षोल्लास से संपन्न



निंबाहेड़ा।

पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निंबाहेड़ा में वार्षिकोत्सव, प्रतिभा सम्मान समारोह एवं खेल दिवस का आयोजन हर्षोल्लासपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अशोक नवलखा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, वर्तमान नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्व नगर महामंत्री वीरेश चपलोत, नगर मंत्री आशीष बोडाना एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मूंदड़ा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अन्य मंचासीन अतिथियों में विद्यालय विकास एवं प्रबंध समिति के सदस्य अतुल सोनी, प्रेम बाहेती, श्रीमती रेखारानी तिवारी एवं सर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सोनी शामिल रहे।

मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास ही सफलता की सच्ची नींव है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण काल होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं ईमानदारी से अध्ययन करें तथा समय का सदुपयोग करना सीखें। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक बनेगा, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, संस्कारों, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक नवलखा ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के शिल्पकार होते हैं, जो विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उन्हें सफलता के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। अंत में उन्होंने विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की।

विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य श्री मनोहर लाल जैन ने स्वागत उद्बोधन एवं वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद उपलब्धियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान वर्षभर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंचासीन अतिथियों द्वारा मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसमें राष्ट्रीय जंबूरी में भाग लेने वाले स्काउट छात्र, राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित छात्र, पद्माक्षी पुरस्कार प्राप्त छात्र, विद्यालय में सर्वाधिक उपस्थिति, सर्वाधिक अनुशासित एवं समय पर गृहकार्य प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशासनिक अधिकारी श्री राजमल प्रजापत एवं श्रीमती सुनीता रावत को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें नागर नंदजीरा, लाल हे शुभारंभ हो, सपने रे सपने रे मेरे सच हो जाना, आंगन संजीयों फुलारो सहित अन्य रंगारंग कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

आभार प्रदर्शन उपप्राचार्य कैलाश चंद्र गवारिया द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन उपप्राचार्य सुनील कुमार डूंगरवाल ने किया। कार्यक्रम के रमेश चंद्र लस्कर, अनिल कोठारी, श्रीमती मीना राठौर, कमलेश राजोरा, पंकज कुमार गुप्ता, भूपेंद्र सिंह, अशोक कुमार जायसवाल सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम का समापन वैदिक राष्ट्रगान के साथ किया गया। अंत में सभी छात्र-छात्राओं को भोजन कराकर विद्यालय से विदाई दी गई।

Next Story