शुद्ध आहार-मिलावट पर वार: चित्तौड़गढ़ में पेयजल इकाइयों का निरीक्षण, नमूने लिए गए

चित्तौड़गढ़, । राज्य सरकार के 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ जिले में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा निरंतर कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को जिला कलक्टर आलोक रंजन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशों पर मानपुरा रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित दो पेयजल इकाइयों का निरीक्षण कर नमूने लिए गए।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण टी. सुमंगला के आदेशों की अनुपालना में खाद्य सुरक्षा दल ने मानपुरा रीको इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा किया। यहाँ मैसर्स रियान बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड एवं मैसर्स चित्रावी बेवरेजेस प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा दल द्वारा उक्त दोनों प्रतिष्ठानों से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (Packaged Drinking Water) के नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच हेतु जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भिजवाया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. ताराचंद गुप्ता ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act-2006) के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डॉ. गुप्ता ने स्पष्ट किया कि जिले में मिलावटखोरों के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि आमजन को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि जिले में कहीं भी मिलावट की आशंका या जानकारी मिले, तो वे कार्यालय के दूरभाष नंबर 01472-245813 पर इसकी सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
