बाइक सवार बदमाशों ने दो ऑटो में लगाई आग, लोगों ने काबू पाया

चित्तौड़गढ़। गुरुवार देर रात चित्तौड़गढ़ के मोहर मंगरी इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर खड़े दो ऑटो में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटें उठते ही लोगों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और अपने स्तर पर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
पीड़ितों के अनुसार ऑटो मालिक शिव प्रकाश सोनी और उनके भाई गोपाल सोनी के ऑटो रोज की तरह घर के बाहर खड़े थे। बाइक पर आए बदमाशों ने ऑटो में पेट्रोल छिड़का और तुरंत आग लगा दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
आग की लपटें देख मोहल्ले के लोग बाहर निकले और बाल्टी व अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों की तत्परता से आग को फैलने से रोका गया, लेकिन दोनों ऑटो पूरी तरह जलकर कबाड़ में बदल गए। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के मकानों को भी नुकसान हो सकता था।
पीड़ितों ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। थाना प्रभारी तुलसीराम प्रजापत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो बाइक सवार बदमाश दिखाई दिए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
