दो दिन बाद मिले नदी की सतह पर आए दोनों किशोरों के शव

दो दिन बाद मिले नदी की सतह पर आए दोनों किशोरों के शव
X

निम्बाहेड़ा उपखंड क्षेत्र में आने वाले चरलिया ब्राह्मण गांव में शनिवार को नदी में बहे दोनों किशोरों के शव सोमवार सुबह मिल गए। नदी में दो दिन से तलाशी अभियान जारी था। दोनों किशोर बहे जहां से बहे थे, वहां से करीब 1 किलोमीटर आगे दोनों के शव सतह पर दिखाई दिए। सिविल डिफेंस चित्तौड़गढ़ की टीम ने दोनों के शव को बाहर निकालकर निम्बाहेड़ा चिकित्सालय पर पहुंचाया है, जहां पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी में सामने आया कि निम्बाहेड़ा उपखंड क्षेत्र से होकर बह रही कदमाली नदी में शनिवार सुबह करीब 10 बजे कुछ किशोर नहा रहे थे। इसी दौरान मध्यप्रदेश में हुई बरसात के कारण नदी का बहाव अचानक तेज हो गया। कुछ किशोर तो समय रहते नदी से बाहर निकल गए लेकिन निम्बाहेड़ा नगर क्षेत्र निवासी अंकित माली पुत्र कन्हैयालाल माली एवं चिंटू पुत्र बाबूलाल भील बाहर नहीं निकल पाए और नदी के बीच पानी में ही फंसकर बह गए। इसकी जानकारी मिलने पर चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस की टीम तुरंत ही मौके पर पहुंच गई लेकिन शव नहीं मिले।

दो दिन तक एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम लगातार तलाशी लेती रही लेकिन किशोरों के शव नहीं मिले। ऐसे में रविवार को अंधेरा होने के बाद अभियान रोक दिया गया। इसके बाद आज सुबह करीब 8 बजे दोनों ही किशोरों के शव नदी में तैरते दिखाई दिए। इस पर सिविल डिफेंस की टीम ने दोनों ही के शव को बाहर निकाला। जहां से इन्हें निम्बाहेड़ा चिकित्सालय ले जाया गया। वहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

Next Story