चित्तौड़गढ़ में महाशिवरात्रि पर चारों पहर गूंजा हर हर महादेव का जयघोष

चित्तौड़गढ़ में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर भर के प्रमुख शिवालयों में पूरी रात भगवान भोले शंकर का महा अभिषेक श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। मंदिरों में देर रात तक हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे और भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
शहर के प्रसिद्ध चौमुखा महादेव मंदिर, खरडेश्वर महादेव मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर, हजारेश्वर महादेव मंदिर और नाग चंडेश्वर महादेव मंदिर सहित अनेक मंदिरों में चारों पहर विशेष अभिषेक का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, शक्कर, शहद, भांग, गन्ने के रस सहित विभिन्न पवित्र द्रव्यों से भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके साथ ही फूल, बिल्व पत्र और शमी पत्र अर्पित कर भोलेनाथ का मनोहारी श्रृंगार किया गया।
शिव शंभू ग्रुप द्वारा पिछले लगभग 25 वर्षों से महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष अभिषेक की परंपरा निभाई जा रही है। इस वर्ष भी ग्रुप के सदस्यों ने चारों पहर में विधिवत पूजा-अर्चना कर दूध, गन्ने के रस, भांग और शहद से अभिषेक किया। आयोजन के दौरान देश, प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा परिवारों में खुशहाली की कामना की गई।
महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में भजन-कीर्तन और आरती का क्रम भी चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ भगवान भोले शंकर के दर्शन कर अपने जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
