बाल विवाह मुक्त भारत: ऋषि मंगरी मेले में आमजन को किया जागरूक

चित्तौड़गढ़ । जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशन में 'बाल विवाह मुक्त भारत' हेतु संचालित 100 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को ऋषि मंगरी में आयोजित महाशिवरात्रि मेले में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ
बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल के निर्देशों की अनुपालना में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने मेले में आए दर्शनार्थियों एवं आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह न करने और समाज में इसके विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
गोपनीय रहेगी सूचना, 1098 पर करें संपर्क
चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने जानकारी दी कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना प्राप्त होती है, तो तुरंत टोल-फ्री नंबर 1098 पर इसकी शिकायत दर्ज कराएं। टीम ने आश्वस्त किया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक नवीन किशोर काकड़दा, काउंसलर करण जीनवाल, केस वर्कर सीमा राजोरा, शोभा गर्ग, राजकुमार जाट, रतन लाल मीणा, किशोर गिरी एवं भेरू लाल मांगरोला सहित कई गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
