चित्तौड़गढ़: निकुंभ क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

चित्तौड़गढ़: निकुंभ क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
X

चित्तौड़गढ़। जिले के निकुंभ थाना क्षेत्र के वनी गांव में एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान महेंद्र जाट के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में समाज जनों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जहर देने या आत्महत्या के लिए मजबूर करने की आशंका

मृतक के मामा बिलासी राम ने निकुंभ पुलिस को दी रिपोर्ट में महेंद्र की मौत को असामान्य बताया है। परिजनों का आरोप है कि महेंद्र को या तो जहर दिया गया है या फिर उसे इस कदर प्रताड़ित किया गया कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू कर दिया है।

जमीन विवाद और अवैध संबंधों का सनसनीखेज आरोप

रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे करते हुए बताया गया कि महेंद्र के पास निंबाहेड़ा-उदयपुर हाईवे पर करीब 7 बीघा कीमती कृषि भूमि थी। परिजनों ने महेंद्र की पत्नी और एक अन्य व्यक्ति शौकीन मेनारिया के बीच संबंधों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि दोनों मिलकर महेंद्र पर जमीन बेचने का दबाव बनाते थे। इसी दबाव में महेंद्र पूर्व में 3 बीघा जमीन बेच चुका था, जिसके पैसे भी उससे छीन लिए गए थे।

पूर्व डेयरी चेयरमैन ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

घटनाक्रम के अनुसार, 20 मार्च को महेंद्र और संबंधित पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद उसे कुएं की ओर ले जाने की बात भी सामने आई है। पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्री लाल जाट ने इस मामले में गहरा रोष व्यक्त करते हुए थानाधिकारी राम सिंह से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। थानाधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Next Story