चित्तौड़गढ़: नशा तस्करों की अवैध फैक्ट्री ढहाने पहुंची टीम पर आत्मदाह का प्रयास, बैरंग लौटा प्रशासन

चित्तौड़गढ़: नशा तस्करों की अवैध फैक्ट्री ढहाने पहुंची टीम पर आत्मदाह का प्रयास, बैरंग लौटा प्रशासन
X

गंगरार (हलचल)। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई उस समय रुक गई, जब तस्करों के परिवार की महिलाओं ने आत्मघाती कदम उठा लिया। अवैध रूप से संचालित एमडी (मेफेड्रोन) फैक्ट्री को ध्वस्त करने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम के सामने महिलाओं ने खुद पर पेट्रोल-डीजल छिड़क लिया और घर में आग लगा दी। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए टीम को पीछे हटना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?

गंगरार वृत्ताधिकारी शिवन्या सिंह ने बताया कि गत जनवरी माह में पुलिस ने जीवानायकों का खेड़ा में जगदीश बंजारा के मकान पर दबिश देकर एक बड़ी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। उस दौरान भारी मात्रा में एमडी रसायन, ड्रोन, उपकरण और 14 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई थी। मुख्य आरोपी जगदीश और उसके दो बेटे मौके से फरार हो गए थे, जिनमें से जगदीश को हाल ही में गिरफ्तार किया गया है।

अवैध निर्माण ढहाने पहुंची थी टीम

नशा तस्करों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत जब पुलिस ने तहसील कार्यालय से उक्त संपत्ति के दस्तावेज मांगे, तो निर्माण अवैध पाया गया। तहसीलदार न्यायालय से ध्वस्तीकरण के आदेश प्राप्त होने के बाद वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी, तहसीलदार और पटवारी भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे थे।

महिलाओं का हाई वोल्टेज ड्रामा और आत्मदाह की धमकी

जैसे ही कार्रवाई शुरू होने वाली थी, गांव के लोग एकत्र होकर विरोध करने लगे। इसी बीच घर के भीतर मौजूद तस्कर परिवार की महिलाओं ने खुद पर डीजल व पेट्रोल उड़ेल लिया और आत्मदाह की धमकी देते हुए घर के कुछ हिस्सों में आग लगा दी। मौके पर बिगड़ते हालात और जनहानि की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी और टीम वापस लौट आई।

राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज

वृत्ताधिकारी ने बताया कि सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने और आत्मदाह के प्रयास को लेकर तहसीलदार की ओर से गंगरार थाने में संबंधित महिलाओं और ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। गौरतलब है कि करीब 300 की आबादी वाला यह गांव बंजारा बाहुल्य है और यहां के लोग लंबे समय से नशा व गौवंश तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों में लिप्त रहे हैं।

Tags

Next Story