“म्हारो पावन चित्तौड़” अभियान के तहत बेडच नदी की सफाई शुरू, नगर परिषद ने आमजन से मांगा सहयोग

चित्तौड़गढ़,। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा संचालित “म्हारो पावन चित्तौड़” स्वच्छता अभियान के अंतर्गत बेडच नदी की विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई है। इस संबंध में प्रशिशु आईएएस एवं नगर परिषद आयुक्त रविंद्र मेघवाल ने आज नगर परिषद अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कार्य को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
अभियान के तहत नगर परिषद की टीम द्वारा बेडच नदी में जमा कचरा, प्लास्टिक तथा अन्य अपशिष्ट को हटाने का कार्य किया जा रहा है। नगर परिषद के संसाधनों की सहायता से नदी के किनारों एवं नदी के अंदर जमा कचरे को निकालकर उसका उचित निस्तारण किया जा रहा है, जिससे नदी का प्राकृतिक प्रवाह बना रहे और आसपास का वातावरण स्वच्छ रह सके।
नगर परिषद द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे बेडच नदी में कचरा या प्लास्टिक न डालें तथा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
नगर परिषद का उद्देश्य है कि “म्हारो पावन चित्तौड़” अभियान के माध्यम से शहर की जीवनदायिनी बेडच नदी को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
