3 दिवसीय गणगौर महोत्सव पर सांस्कृतिक कार्यक्रम

चित्तौड़गढ़, गणगौर पर्व पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन 21 से 23 मार्च तक नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा पारंपरिक एवं सांस्कृतिक लोकपर्व गणगौर के अवसर पर दिनांक 21 से 23 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय भव्य आयोजन किए जाएंगे। यह आयोजन शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों—पद्मिनी पार्क, शास्त्री नगर पार्क, नेहरू गार्डन, राजीव गांधी उद्यान तथा गांधी नगर गर्ल्स कॉलेज के सामने स्थित पार्क में आयोजित होंगे।
कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत दिनांक 21 मार्च 2026 को एक आकर्षक एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो गांधी चौक से प्रारंभ होकर पद्मिनी पार्क तक जाएगी। शोभायात्रा में ईसर एवं माता पार्वती की सुसज्जित मूर्तियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, गीत-संगीत एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से शहरवासियों को अपनी समृद्ध लोक परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता करें तथा गणगौर पर्व की गरिमा को बढ़ाएं।
