राजीविका द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडर को टेबलेट वितरण

चित्तौड़गढ़। राजस्थान ग्रामीण विकास परिषद (राजीविका), चित्तौड़गढ़ द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडर के प्रोत्साहन हेतु टेबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान आक्या मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान चित्तौड़ ब्लॉक के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 कैडर को टेबलेट वितरित किए गए। इस अवसर पर लगभग 40 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने उपस्थित महिलाओं एवं कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि राजीविका के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनहित से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, जिससे महिलाओं के समग्र विकास के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) रमेश चंद्र धाकड़, उद्यान विभाग के उपनिदेशक शंकरलाल जाट, सहायक निदेशक जोगेंद्र सिंह राणावत सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त राजीविका जिला कार्यालय एवं चित्तौड़गढ़ क्लस्टर के समस्त स्टाफ ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
