कंथारिया रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने की जनसुनवाई

चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार को भदेसर उपखंड की कंथारिया ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को हाथों-हाथ निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक लाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए सवालों के उत्तर भी दिए।
जब विद्यार्थियों ने पूछा — “आप इस पद तक कैसे पहुंचे?” — तो जिला कलक्टर ने बताया कि उन्होंने पहले प्राइवेट सेक्टर में नौकरी की और साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे 11वीं कक्षा से ही नियमित अध्ययन, समाचार पत्र पढ़ने, सामाजिक विषयों की जानकारी रखने और खेलकूद में भागीदारी पर ध्यान दें।
ग्रामीणों की समस्याओं पर सख्त निर्देश
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने हिंदुस्तान जिंक से जुड़े घोसुंडा डैम, गांव की साफ-सफाई, नालियों का निर्माण, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आम रास्तों पर अतिक्रमण एवं राजस्व प्रकरणों से संबंधित समस्याएं रखीं। जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी, तहसीलदार एवं विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का तीन दिन में निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। समय पर समाधान नहीं करने एवं रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम सचिव एवं पटवारी को चार्जशीट देने के निर्देश भी दिए गए।
गांव के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर जिला कलक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि दो दिन में स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा तहसीलदार द्वारा जेसीबी से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
दिव्यांग हिना बानो को मिलेगा योजनाओं का लाभ
ग्राम पंचायत की दिव्यांग हिना बानो को पेंशन व अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सामाजिक न्याय अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ तुरंत दिलाया जाए। इसके साथ ही वर्षों से वंचित पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ शीघ्र देने के भी निर्देश दिए गए।
रात्रि चौपाल में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी रजनी मीणा, तहसीलदार शिव सिंह, विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा, ग्राम पंचायत प्रशासक कालूराम जाट सहित जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
