जिला कलक्टर ने निम्बाहेड़ा में सुनीं जनसमस्याएं, 39 परिवादों पर दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

जिला कलक्टर ने निम्बाहेड़ा में सुनीं जनसमस्याएं, 39 परिवादों पर दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
X

निम्बाहेड़ा। खण्ड स्तरीय जनसुनवाई के तहत गुरुवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने निम्बाहेड़ा उपखण्ड मुख्यालय स्थित अटल सेवा केंद्र में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न गांवों और शहर से कुल 39 परिवादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। कलक्टर ने कई परिवादों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए अधिकारियों को दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।

राजस्व और शिक्षा से जुड़े मामले छाए रहे

जनसुनवाई में शिक्षा, राजस्व, खातेदारी, अतिक्रमण, भूमि सीमांकन और रास्तों के विवाद प्रमुखता से सामने आए। कलक्टर ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए। एक परिवादी द्वारा स्कूल में शिक्षक लगाने की मांग पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा। वहीं, विरासत दर्ज करने, पुलिया निर्माण और पत्थर गाड़ने जैसे मामलों में तहसीलदार को मौके पर जाकर जांच के निर्देश दिए गए।

अतिक्रमण और कब्जों पर सख्त रुख

नरसा खेड़ी गांव में खातेदारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी को समझाइश और राजस्व नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रानीखेड़ा ग्राम पंचायत से आए पट्टा बनाने और जमीन का हिस्सा दिलाने के प्रकरणों में भी जांच के आदेश दिए गए। कलक्टर ने अधिकारियों को हिदायत दी कि बिना कन्वर्जन की भूमि पर कब्जे और रास्तों के अतिक्रमण जैसे मामलों में त्वरित राहत प्रदान करें।

बकाया भुगतान और रसद व्यवस्था के निर्देश

सुनवाई के दौरान एक परिवादी ने विवाह समारोह हेतु गैस टंकी की मांग रखी, जिस पर रसद विभाग को व्यवस्था करने को कहा गया। साथ ही, दशहरा मेला 2018 के एलईडी टीवी के बकाया भुगतान के प्रकरण में भी जांच कर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलक्टर ने आंगनवाड़ी मरम्मत और नगर परिषद क्षेत्र में नालियों की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, तहसीलदार, विकास अधिकारी, डिप्टी बद्रीलाल, नगर परिषद आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Tags

Next Story