जिला कलक्टर ने बस्सी में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं: तहसील और आंगनबाड़ी का औचक निरीक्षण

जिला कलक्टर ने बस्सी में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं: तहसील और आंगनबाड़ी का औचक निरीक्षण
X



चित्तौड़गढ़, । जन अभियोगों के त्वरित निस्तारण एवं आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देशानुसार मार्च माह के प्रथम गुरुवार को ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। यह जनसुनवाई प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिले की सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई।

लोक सेवाओं की सहायक निदेशक ने बताया कि सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था लागू की गई है, जिसके अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान के प्रयास किए जाते हैं।

उपखंड चित्तौड़गढ़ की ग्राम पंचायत बस्सी में आयोजित जनसुनवाई में जिला कलक्टर आलोक रंजन ने स्वयं उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक परिवाद को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को कई मामलों में मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उपखंड अधिकारी बीनू देवल, तहसीलदार मुकेश कुमार गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं परिवाद प्रस्तुत किए।

तहसील कार्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण

जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बस्सी तहसील कार्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

Next Story