चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर संपन्न हुई जिला स्तरीय सचिव व सहायक सचिव बैठक

चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय चित्तौड़गढ़ के तत्वाधान में गुरुवार को किला रोड स्थित बी.पी. पार्क में जिला स्तरीय सचिव व सहायक सचिव बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला मुख्य आयुक्त प्रमोद कुमार दशोरा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ 'दया कर दान भक्ति का' प्रार्थना के साथ हुआ।

सत्र 2025-26 के लक्ष्यों की समीक्षा

सी.ओ. स्काउट चन्द्र शंकर श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार सत्र 2025-26 के आवंटित लक्ष्यों, उपलब्धियों की समीक्षा और आगामी गतिविधियों पर विचार-विमर्श हेतु यह बैठक बुलाई गई। बैठक में जिले के 11 स्थानीय संघों के सचिवों ने भाग लिया। इस दौरान वार्षिक अधिवेशन, गोल्डन एरो, हीरक पंख, तृतीय सोपान, निपुण रोवर-रेंजर प्रशिक्षण, ग्रुप पंजीकरण और स्टीकर राशि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्ययोजना तैयार की गई।

अनुशासन और देशप्रेम का पाठ है स्काउटिंग

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रमोद कुमार दशोरा ने सभी को हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "स्काउटिंग महज एक संगठन नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है।" इससे बालक-बालिकाओं में अनुशासन, समय प्रबंधन, साहस, नेतृत्व और देशप्रेम जैसे गुणों का विकास होता है। उन्होंने सभी सचिवों को निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक विद्यालयों को स्काउट गाइड से जोड़ें।

सुनागरिक निर्माण का लक्ष्य

लीडर ट्रेनर इन्द्र लाल आमेटा ने कहा कि स्काउटिंग का मूल उद्देश्य बच्चों का शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास कर उन्हें राष्ट्र के लिए बेहतर नागरिक के रूप में तैयार करना है। बैठक में बड़ीसादड़ी, बेगूं, भूपालसागर, भदेसर, चित्तौड़गढ़, डूंगला, गंगरार, कपासन, निम्बाहेड़ा, राशमी और रावतभाटा के स्थानीय संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रमुख उपस्थिति:

बैठक में चन्द्र कान्त शर्मा, शिवराज गोस्वामी, दिनेश चन्द्र धोबी, शंकर लाल भांबी, पंकज दशोरा, सोहन लाल मेघवाल, भूरा लाल शर्मा, जमील खां पठान, सुनील कुमार डूंगरवाल, कैलाश चन्द्र अहीर, राधेश्याम शर्मा, चतर सिंह राजपूत, अखिलेश श्रीवास्तव सहित रोवर पवन माली व रेंजर रिमझिम पारीक उपस्थित थे। अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।

Next Story