चित्तौड़गढ़ में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

चित्तौड़गढ़। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तहत माय भारत केंद्र, चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलदीप प्रजापत द्वारा की गई, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला खेल अधिकारी राम रतन गुर्जर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रवि बैरागी, शारीरिक शिक्षक कमल सिंह चुंडावत, नारायण लाल सेन, गौतम मडेरणा एवं मधुसूदन वर्मा उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में जिले भर से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कबड्डी पुरुष वर्ग में डूंगला टीम विजेता एवं भदेसर टीम उपविजेता रही, जबकि रस्साकशी महिला वर्ग में चित्तौड़गढ़ टीम ने प्रथम स्थान एवं भदेसर टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर पुरुष वर्ग में सागर गुर्जर प्रथम, विनोद भील द्वितीय एवं लक्ष्य सुखवाल तृतीय रहे, वहीं 100 मीटर महिला वर्ग में दिशा प्रजापत प्रथम, दिव्या तेली द्वितीय एवं खुशी गुर्जर तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर पुरुष वर्ग में देवेंद्र सिंह प्रथम, लक्ष्य सुखवाल द्वितीय एवं सागर गुर्जर तृतीय रहे, जबकि 200 मीटर महिला वर्ग में दिशा प्रजापत प्रथम, अनीता कंवर द्वितीय एवं भावना कंवलिया तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के दौरान माय भारत केंद्र से भरत बारेठ तथा माय भारत स्वयंसेवक ऋषभ चतुर्वेदी एवं प्रणिल चतुर्वेदी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं खेल भावना को विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
