घरेलू गैस के अवैध भंडारण पर जिला सतर्कता टीम की कार्रवाई, 11 सिलेंडर जब्त

चित्तौड़गढ़, । जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार प्रशासन, रसद विभाग एवं पुलिस विभाग के समन्वय से गठित जिला सतर्कता टीम द्वारा जिलेभर में गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के तहत निम्बाहेड़ा उपखंड के शहरी क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण की शिकायत मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान आदर्श कॉलोनी निवासी इमरान शेख के यहां से 5 घरेलू गैस सिलेंडर, हुढको कॉलोनी निवासी रतनेश कीर के यहां से 2 घरेलू गैस सिलेंडर तथा इंदिरा कॉलोनी निवासी नरेन्द्र महेश्वरी के यहां से 4 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 2 बिना कंपनी के छोटे सिलेंडर अधिग्रहित किए गए। तीनों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
टीम द्वारा उपखंड चित्तौड़गढ़ की भैरव गैस एजेंसी तथा उपखंड रावतभाटा में अणुशक्ति सहकारी उप भंडार लिमिटेड का निरीक्षण कर स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया गया। इस दौरान गैस एजेंसियों को राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार उपभोक्ताओं को गैस वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिले में वर्तमान में कुल 28 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके माध्यम से 3 लाख 85 हजार 680 सक्रिय घरेलू गैस कनेक्शन उपभोक्ताओं को सेवा प्रदान कर रहे हैं। वर्तमान में जिले में 12 हजार 202 घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरण के लिए उपलब्ध हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कर ओटीपी के माध्यम से नियमित रूप से गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने भी घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति का आश्वासन दिया है और आमजन से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
