कुएं में गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत, 5 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव

चित्तौड़गढ़। जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र के नया खेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में बने 120 फीट गहरे कुएं में गिरने से 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला डाली बाई जटिया की मौत हो गई। मृतका के भतीजे राधेश्याम जटिया (26) ने बताया कि महिला सुबह कुएं के पास स्थित बावजी के स्थान पर धोक लगाने गई थीं। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें कम दिखाई देता था, जिसके चलते उनका संतुलन बिगड़ा और वह कुएं में जा गिरीं।
हादसे के समय कुएं में गिरने की आवाज सुनकर युवक ईश्वर जटिया ने ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर रस्सियों व अन्य साधनों से करीब ढाई घंटे तक महिला को निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुएं में 80 से 90 फीट तक पानी भरा होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।
इसके बाद सूचना मिलने पर सुबह करीब 9:30 बजे सिविल डिफेंस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सिविल डिफेंस के कैलाश चंद्र वैष्णव ने बताया कि कुएं की अधिक गहराई और पानी के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी कठिन था। टीम के सदस्य सुरक्षा उपकरणों के साथ कुएं में उतरे और पानी के अंदर तलाश शुरू की।
करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे (घटना के करीब 5 घंटे बाद) महिला का शव कुएं से बाहर निकाला जा सका। शव बाहर आते ही मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में राजकुमार भोई, रामलाल भोई, मुकेश भोई, रतनलाल भोई, नारायण कीर, अर्जुन लखारा, प्रियदर्शन सिंह और रतनलाल पूर्बिया शामिल रहे। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
