दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय वाकपीठ का पूर्व विधायक नवलखा ने किया शुभारम्भ

निम्बाहेड़ा। राजकीय एवं निजी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालयों के संस्था प्रधानों की छोटीसादड़ी ब्लॉक स्तरीय दो दिवसीय सत्रांत वाकपीठ का शुभारंभ पूर्व विधायक अशोक नवलखा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने की, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में छोटीसादड़ी पूर्वी मण्डल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, निम्बाहेड़ा पूर्वी मण्डल अध्यक्ष अशोक जाट, समाजसेवी कांतिलाल दक, पूर्व नगर अध्यक्ष रामचंद्र माली, भाजयुमो जिला अध्यक्ष जसपाल गुर्जर, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष वीरेंद्र सिंह आंजना, अजीत दुग्गड, एबीवीपी के विशाल राव मराठा, शिक्षाविद विष्णु नागदा, विक्रम टेलर, भंवरलाल जाट जलोदिया केलूखेड़ा आदि मंचासीन रहे।
दो दिवसीय इस वाकपीठ के शुभारम्भ पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र चौबीसा ने स्वागत उदबोधन देते हुए वाकपीठ के आयोजन के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी। वाकपीठ के आरम्भ में विद्यालयी छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, ततपश्चात संस्था प्रधानों ने अतिथियों का उपरना ओढाकर एवं मेवाड़ी परम्परा के अनुसार साफा बंधवाकर स्वागत किया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने कहा कि दो दिन के शिक्षाविदों के इस महामंथन से आने वाले समय में बालकों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा निरंतर शिक्षा नीति को सुधार कर सरल एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाकपीठ के माध्यम से नवाचारों पर मंथन होने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में आ रही कठिनाइयों पर भी विचार विमर्श होता है तथा नव शिक्षकों को अनुभव का लाभ मिलता है। dवाकपीठ को भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, शिक्षाविद विष्णु नागदा, पूर्व नगर अध्यक्ष रामचंद्र माली, भाजयुमो जिलाध्यक्ष जसपाल गुर्जर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में छोटीसादड़ी ब्लॉक के राजकीय एवं निजी विद्यालयों के संस्था प्रधान मौजूद रहे।
