सीआईआईटी एजुकेशन पर निःशुल्क महिला बैच का शुभारंभ

निम्बाहेड़ा। आनंद नगर स्थित सीआईआईटी एजुकेशन संस्थान में महिलाओं के लिए निःशुल्क आरएस-सीआईटी (RS-CIT) एवं आरएस-सीएफए (RSCFA) बैच का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक अशोक नवलखा एवं भाजपा पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के समय में कंप्यूटर शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। महिलाएं यदि डिजिटल शिक्षा से जुड़ती हैं तो वे न केवल आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि समाज और परिवार के आर्थिक सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं और युवा पीढ़ी को नई दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी ने महिलाओं को RS-CIT एवं Tally कोर्स के महत्व के बारे में जानकारी दी और उन्हें डिजिटल शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर भाजपा नगर महामंत्री देवकरण समदानी, निलेश मेहता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का पगड़ी एवं उपरना पहनाकर स्वागत किया गया।
संस्था संचालक दीपक जैन ने बताया कि इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 48 महिला विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिन्हें तीन माह तक कंप्यूटर प्रशिक्षण निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक पहल संस्था द्वारा पिछले कई वर्षों से निरंतर रूप से की जा रही है।
कार्यक्रम में संस्थान के स्टाफ मेंबर एवं सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे। अतिथियों ने महिलाओं को कंप्यूटर शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
