होली स्नेह मिलन व नवरात्रि उत्सव धूमधाम से सम्पन्न

निंबाहेड़ा। जैन सोशल ग्रुप मेन निंबाहेड़ा के तत्वावधान में राम गौशाला में होली स्नेह मिलन एवं नवरात्रि उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, जिसमें ख्याति बंब एवं नेहल नागोरी ने नवकार मंत्र के साथ भक्तिमय वातावरण निर्मित किया। उपस्थित दंपति सदस्यों एवं बच्चों का तिलक एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत ग्रुप की लेडी डायरेक्टर्स स्वर्णलता जैन एवं तनुजा पामेचा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर ग्रुप से जुड़े नवीन दंपति सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही महिला पुलिस अकादमी द्वारा “बेस्ट सुरक्षा सखी अवार्ड” से सम्मानित ग्रुप की सदस्या शिल्पा जैन का विशेष सम्मान किया गया। वर्षितप की तपस्या में लीन तपस्वी सदस्यों के तप की अनुमोदना करते हुए उनका बहुमान भी किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत मनोरंजक गेम्स, हाउजी, बच्चों की गतिविधियाँ एवं मातृशक्ति द्वारा आकर्षक गरबा नृत्य प्रस्तुत किया गया। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समा बांध दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महावीर जन्मकल्याणक के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर हेतु पूर्व अध्यक्ष अशोक जैन द्वारा प्रायोजक बनने की सहमति भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रुप अध्यक्ष माणक लाल चपलोत ने की, जबकि मंच संचालन पूर्व महासचिव सोनल सांखला द्वारा प्रभावी रूप से किया गया।
संस्था महासचिव प्रवीण सिंघवी ने वर्ष भर की गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उत्सव में पधारे सभी सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता से आयोजन अविस्मरणीय बन गया।
