महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

निंबाहेड़ा। जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा में महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी माना जाता है तथा बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
पीएमओ डॉ राघव सिंह ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टीका लगाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत 30 नवंबर 2010 से 30 मई 2012 के मध्य जन्म लेने वाली बालिकाएं भी पात्र होंगी। यह अभियान लगभग 90 दिनों तक संचालित रहेगा, जिसके दौरान जिला चिकित्सालय सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।
टीकाकरण के लिए अभिभावक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं, वहीं संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पंजीकरण के बाद निर्धारित तिथि के अनुसार बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लक्षित समूह में 14 वर्ष आयु की वे बालिकाएं शामिल हैं, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन 15वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है। 14 वर्ष आयु की बालिकाओं की अनुमानित संख्या कुल जनसंख्या का लगभग 1 प्रतिशत है। जो बालिकाएं एचपीवी वैक्सीन लॉन्च के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की हो जाएंगी, वे भी इस तीन माह के एचपीवी टीकाकरण अभियान के दौरान टीकाकरण के लिए पात्र होंगी।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा के पीएमओ डॉ. राघव सिंह, डॉ. रोहित शर्मा, नर्सिंग अधीक्षक जितेंद्र सिंघवी, मनीष तोलंबिया, सीनियर फार्मासिस्ट विनोद टेलर, जूनियर एकाउंटेंट मनीष कुमार, एएनएम नीलम कुमारी एवं जीएनएम एकता भट्ट सहित चिकित्सा विभाग के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
