जाड़ावत ने जगद्गुरु शंकराचार्य से लिया आशीर्वाद, गौ-हत्या रोकने के मिशन पर हुई चर्चा

चित्तौड़गढ़। ज्योतिष्पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के धर्मपुरा कोटा प्रवास के दौरान पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। रामकरण गुंजल के निवास स्थान पर आयोजित इस भेंट के दौरान रमेशनाथ योगी और गेहरूगिरी गोस्वामी भी उपस्थित रहे। जाड़ावत ने माघ मेले के दौरान शंकराचार्य के शिष्यों के साथ हुई घटना के विरोध में चित्तौड़गढ़ कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ किए गए प्रदर्शनों की मीडिया कवरेज की प्रतिलिपि शंकराचार्य को भेंट की। जाड़ावत के इन प्रयासों की सराहना करते हुए शंकराचार्य ने उन्हें माला एवं शॉल पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही, उन्होंने समाज से गौ-हत्या रोकने के मिशन से जुड़ने और गौवंश को बचाने का आह्वान किया। वार्ता के दौरान जाड़ावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार द्वारा गौवंश संरक्षण हेतु लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों की जानकारी दी, जिसमें प्रत्येक गौशाला निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये और 10 बीघा जमीन आवंटन के आदेश शामिल थे। उन्होंने महाराज श्री को चित्तौड़गढ़ आगमन का निमंत्रण दिया।

Next Story