जैन प्रीमियर लीग (JPL) सीजन-2 का भव्य आगाज़, ऑक्शन रहा आकर्षण का केंद्र

जैन प्रीमियर लीग (JPL) सीजन-2 का भव्य आगाज़, ऑक्शन रहा आकर्षण का केंद्र
X

निंबाहेड़ा। नाकोड़ा क्रिकेट क्लब द्वारा भगवान महावीर के जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर जैन समाज के युवाओं को एकजुट करने, खेल भावना को बढ़ावा देने एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जैन प्रीमियर लीग (JPL) सीजन-2 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में समाज के युवा खिलाड़ियों का उत्साहपूर्ण सहभाग देखने को मिल रहा है।

टूर्नामेंट से पूर्व 20 मार्च की शाम को एक आकर्षक एवं सफल ऑक्शन का आयोजन किया गया, जो इस वर्ष का मुख्य आकर्षण रहा। यह ऑक्शन पूरी तरह क्लब द्वारा विकसित डिजिटल प्रणाली पर आधारित था, जिसका संचालन हिमांशु मारू एवं सीए शुभम चपलोत द्वारा किया गया।

ऑक्शन में कुल 8 टीम मालिकों ने भाग लिया, जिन्हें प्रत्येक को 10 लाख पॉइंट्स प्रदान किए गए। कुल 111 पंजीकरण में से 72 खिलाड़ियों की सफल बोली लगाई गई। सभी टीम मालिकों ने अपने-अपने पर्स के अनुसार संतुलित एवं मजबूत टीमों का गठन किया। विशेष रूप से JPL सीजन-1 के मैन ऑफ द सीरीज खिलाड़ी अमन मेहता को सर्वाधिक 7,80,000 पॉइंट्स में खरीदा गया।

टूर्नामेंट के मुख्य मुकाबले 27, 28 एवं 29 मार्च 2026 को आयोजित होंगे। इसके साथ ही 22 मार्च से जैन महिला वर्ग (8 टीमें) एवं अंडर-15 बालक वर्ग (4 टीमें) के लिए भी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे यह आयोजन एक पारिवारिक एवं सामुदायिक उत्सव का स्वरूप ले रहा है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, बीजेएस अध्यक्ष वीरेश चपलोत, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ सहयोजक गजेंद्र नवलखा उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए युवाओं को खेल एवं सामाजिक एकता के लिए प्रेरित किया।

नाकोड़ा क्रिकेट क्लब की कमेटी ने बताया कि यह आयोजन जैन समाज में एकता, उत्साह एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ एक सशक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रहा है।

Next Story