लोकपाल ने पंचायत समिति भदेसर एवं कपासन की ग्राम पंचायतों का किया औचक निरीक्षण



चित्तौड़गढ़, । जिले में नियुक्त लोकपाल अभिषेक सोनी द्वारा राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत संचालित कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को मौके पर पाई गई कमियों एवं अनियमितताओं के संबंध में आवश्यक हिदायतें देने के साथ सुधारात्मक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में लोकपाल द्वारा बुधवार को पंचायत समिति भदेसर की ग्राम पंचायत पीपलवास का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों में कई कमियां पाई गईं, जिस पर लोकपाल ने मौके पर ही रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित एवं सही तरीके से संधारित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही नरेगा योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का भी अवलोकन किया गया, जिसमें श्रमिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक सुविधाओं का अभाव पाया गया। इस पर संबंधित कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात लोकपाल द्वारा पंचायत समिति कपासन की ग्राम पंचायत हथियाना का औचक निरीक्षण किया गया, जहां पंचायत कार्यालय बंद पाया गया। इसके बाद नरेगा अंतर्गत संचालित नाड़ी खुदाई कार्य का निरीक्षण किया गया, जिसमें ऑनलाइन मस्टररोल में दर्ज 55 श्रमिकों के विरुद्ध मौके पर मात्र 35 श्रमिक ही उपस्थित पाए गए। यहां भी कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाओं का अभाव पाया गया।

इस संबंध में लोकपाल द्वारा विकास अधिकारी, पंचायत समिति कपासन को पत्र जारी कर अनियमितताओं पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित ग्राम विकास अधिकारी एवं कनिष्ठ सहायक को नरेगा योजना से संबंधित समस्त अभिलेखों सहित लोकपाल कार्यालय में उपस्थित होने हेतु पाबंद किया गया।

लोकपाल ने विकास अधिकारी कपासन को निर्देशित किया कि नरेगा कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को प्राथमिकता से दूर किया जाए ताकि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

Next Story