वैश्विक संकट के मद्देनज़र एलपीजी वितरण व्यवस्था सुदृढ़, अफवाहों से बचने की अपील

चित्तौड़गढ़,
राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव द्वारा वर्तमान में चल रहे वैश्विक संकट की स्थिति को देखते हुए समस्त जिला कलेक्टर्स के साथ विस्तृत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। इस बैठक में जिला स्तरीय सतर्कता समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के पश्चात जिला कलेक्टर चित्तौड़गढ़ आलोक रंजन ने जिले में एलपीजी गैस के सुचारू वितरण, स्टॉक सत्यापन एवं आपूर्ति व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
एलपीजी सिलेंडर बुकिंग की नई व्यवस्था
जिले में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने हेतु नई बुकिंग अवधि निर्धारित की गई है। इसके तहत सामान्य घरेलू कनेक्शन के लिए बुकिंग की अवधि 25 दिवस तथा उज्ज्वला कनेक्शन के लिए 45 दिवस तय की गई है।
राजस्थान में घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण बड़े स्तर पर डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है, जिसमें ओटीपी अथवा डीएसी प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है। राज्य स्तर पर जहां यह प्रतिशत 90% है, वहीं चित्तौड़गढ़ जिले में यह आंकड़ा 98% तक पहुंच चुका है, जो कि एक उत्कृष्ट उपलब्धि है। वर्तमान में जिले में गैस सिलेंडर डिलीवरी का बैकलॉग मात्र 3 से 4 दिनों का है।
पीएनजी: सस्ता और सुरक्षित विकल्प
बैठक में एलपीजी के विकल्प के रूप में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शहरी क्षेत्र में गैस पाइपलाइन के विस्तार का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचाया जाए।
बताया गया कि पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करने के बाद शीघ्र ही कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह गैस एलपीजी की तुलना में अधिक किफायती होने के साथ-साथ निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करती है।
पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों से रहें दूर
जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में गैस एवं पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक 12,277 तथा व्यावसायिक सिलेंडरों का स्टॉक 768 है, जबकि प्रतिदिन औसतन लगभग 8,000 सिलेंडरों की बुकिंग हो रही है।
आवश्यक जानकारी के लिए आमजन हेल्पलाइन नंबर एवं कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जिला कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण किया जाए और कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा दुरुपयोग की स्थिति पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि दोषी व्यक्तियों एवं फर्मों के विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही, सभी पेट्रोलियम कंपनियों के सेल्स ऑफिसर एवं नोडल अधिकारियों के साथ नियमित बैठक कर स्टॉक एवं वितरण की दैनिक रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों जैसे विद्युत एवं अन्य ईंधनों से संचालित चूल्हों की उपलब्धता एवं सुरक्षा पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आमजन को वैकल्पिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
