लू-तापघात से बचाव के लिए चिकित्सा विभाग अलर्ट, सभी संस्थानों को जारी निर्देश

चित्तौड़गढ़,। बढ़ते तापमान एवं हीट वेव की आशंका को देखते हुए चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर है तथा लू-तापघात से बचाव एवं उपचार के लिए जिले के समस्त चिकित्सा संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचन्द गुप्ता ने बताया कि हाल के दिनों में तापमान में वृद्धि के चलते लू-तापघात का खतरा बढ़ गया है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी चिकित्सा अधिकारियों को सतर्क रहने एवं आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा संस्थानों में हीट वेव से बचाव हेतु वाटर कूलर, कूलर, पंखे एवं एसी को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए छायादार स्थान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। हाई रिस्क क्षेत्रों में अतिरिक्त चिकित्सा टीमों की तैनाती तथा जन-जागरूकता गतिविधियों के संचालन पर भी विशेष जोर दिया गया है।
सभी चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कार्मिकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता के साथ-साथ ठंडे पेयजल एवं छाया की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। मनरेगा कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों को दिए गए हैं।
आमुखीकरण एवं प्रशिक्षण के निर्देश
डॉ. गुप्ता ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को अपने अधीनस्थ चिकित्सकों, पैरामेडिकल, नर्सिंग स्टाफ एवं आशा सहयोगियों को लू-तापघात के उपचार एवं ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
बेड आरक्षित किए गए
लू-तापघात से प्रभावित मरीजों के समुचित उपचार हेतु चिकित्सा विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों के चिकित्सा संस्थानों में बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके अंतर्गत जिला चिकित्सालय में 10 बेड, उपजिला चिकित्सालय में 8 बेड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 5 बेड तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 2 बेड आरक्षित किए गए हैं।
अधिकारी करेंगे क्षेत्रीय निरीक्षण
आगामी 7 दिनों में जिला स्तरीय अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर लू-तापघात से संबंधित तैयारियों का जायजा लेंगे एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित
जिले में लू-तापघात की स्थिति पर निगरानी हेतु नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष क्रमांक 01472-245813 है, जो निरंतर सक्रिय रहकर मॉनिटरिंग कार्य करेगा।
