मेवाड़ मालवा नाथ योगी समाज विकास संगठन के चुनाव सम्पन्न

निंबाहेड़ा।मेवाड़ मालवा नाथ योगी समाज विकास संगठन के चुनाव रविवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया मंदसौर के मेनपुरिया स्थित श्री चैतन्य आश्रम में आयोजित की गई, जिसमें मेवाड़-मालवा क्षेत्र के लगभग 400 समाजजनों सहित विभिन्न समूहों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चुनाव संगठन के संरक्षक नरेंद्र नाथ गांधी एवं संस्थापक सत्यनारायण नाथ के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुए। सर्वसम्मति से मालवा क्षेत्र के सचिन नाथ को संगठन का केंद्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इसी क्रम में निंबाहेड़ा के ओम नाथ को राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष तथा रमेश नाथ सिंदपन को मध्यप्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया। श्री भेरुनाथ बानसेन, एवं श्री उमेश नाथ उज्जैन को केंद्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भगवान गुरु गोरखनाथ जी को साक्षी मानते हुए शपथ ग्रहण की और संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्पक्षता, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से करने का संकल्प लिया। उन्होंने समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का भी विश्वास जताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमर नाथ मैनपुरिया ने की। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि मेवाड़ मालवा नाथ योगी समाज विकास संगठन आने वाले समय में समाज के उत्थान, एकता एवं विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखे जाएंगे।
इस अवसर पर आगामी 1 मई 2026 को महायोगी गुरु गोरखनाथ का प्राकट्य दिवस उदयपुर जिले के कानोड़ कस्बे में संगठन एवं समाजजनों के सहयोग से भव्यता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया।
संगठन की बैठक में संगठन सचिव प्रदीप नाथ कानोड़, विधि सलाहकार नितेश नाथ जयपुर, महेश नाथ बिल्लौद, विनोद नाथ चुपना, गोपाल नाथ जी तंवर एवं भाटी जी निंबाहेड़ा ने अपनी विशेष भूमिका निभाई।
