रबी विपणन सीजन 2026-27 में 10 मार्च से शुरू होगी गेहूं की एमएसपी खरीद



चित्तौड़गढ़ । न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजनांतर्गत रबी विपणन सीजन 2026-27 के लिए राज्य में गेहूं खरीद हेतु किसान पंजीकरण का कार्य 01 फरवरी 2026 से खाद्य विभाग के पोर्टल पर प्रारंभ कर दिया गया है। गेहूं खरीद कार्य 10 मार्च 2026 से प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है।

जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी ने बताया कि किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से गेहूं की फसल पर 2585 रुपये प्रति क्विंटल की दर से पंजीकृत किसानों से खरीद की जाएगी। खरीद व्यवस्था 10 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक निर्बाध रूप से संचालित की जाएगी, जिससे जिले के किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि पंजीकृत किसानों की ऑनलाइन गिरदावरी भू-प्रबंधन विभाग द्वारा की जाएगी, जिसे खरीद पोर्टल द्वारा ऑटो-फेच किया जाएगा। गेहूं विक्रय के उपरांत भुगतान जनआधार से जुड़े किसानों के बैंक खातों में सीधे किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजनांतर्गत रबी विपणन सीजन 2026-27 के दौरान चित्तौड़गढ़ जिले में गेहूं खरीद के लिए कुल 30 हजार 500 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले में किसानों की सुविधा हेतु 17 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 10 मार्च 2026 से खरीद कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी ने बताया कि जिले के विभिन्न तहसीलों में फोकल प्वाइंट एवं मंडी केंद्रों के माध्यम से गेहूं की खरीद की जाएगी।

डूंगला के फोकल प्वाइंट केंद्र से 1,500 मीट्रिक टन, जावदा (रावतभाटा) के फोकल प्वाइंट केंद्र 1000 मीट्रिक टन, भादसोड़ा (भदेसर) के मण्डी केंद्र से 1,500 मीट्रिक टन, अकोला (भोपालसागर) मण्डी केंद्र से 2,500 मीट्रिक टन, भोपालसागर मण्डी केन्द्र से 2,000 मीट्रिक टन, बस्सी के फोकल प्वाइंट केंद्र से 3,000 मीट्रिक टन, गंगरार फोकल प्वाइंट केंद्र से 1,200 मीट्रिक टन, कनेरा (निंबाहेड़ा) के फोकल प्वाइंट केंद्र से 1,200 मीट्रिक टन, पहुना (राशमी) के फोकल प्वाइंट केंद्र से 800 मीट्रिक टन, राशमी के फोकल प्वाइंट केंद्र से 800 मीट्रिक टन, बड़ीसादड़ी मण्डी केन्द्र से 1500 मीट्रिक टन, चित्तौड़गढ़ मण्डी केन्द्र से 2000 मीट्रिक टन, पारसोली (बेगूं) के मण्डी केन्द्र से 3000 मीट्रिक टन, बेगूं के फोकल प्वाईन्ट केन्द्र से 2000 मीट्रिक टन, साडास (गंगरार) के फोकल प्वाईन्ट केन्द्र से 2000 मीट्रिक टन, कपासन फोकल प्वाईन्ट केन्द्र से 2500 मीट्रिक टन एवं निम्बाहेड़ा के फोकल प्वाईन्ट केन्द्र से 2000 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि खरीद कार्य भारतीय खाद्य निगम (FCI), राजफेड, तिलम संघ, एनसीसीएफ एवं राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ (RSFCSC) जैसी एजेंसियों के माध्यम से संपादित किया जाएगा। पंजीकृत किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीद की जाएगी तथा भुगतान जन आधार से जुड़े बैंक खातों में सीधे किया जाएगा।

Next Story