चित्तौड़गढ़ की मुस्कान चोबिसा ने अंतरराष्ट्रीय किक-बॉक्सिंग में जीता सिल्वर मेडल

चित्तौड़गढ़ |5वीं इंडियन इंटरनेशनल किक-बॉक्सिंग चैंपियनशिप में चित्तौड़गढ़ की होनहार खिलाड़ी मुस्कान चोबिसा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर कैटेगरी के –50 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर चितौड़गढ़ जिले, राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है। राजस्थान राज्य किक-बॉक्सिंग संघ के सचिव पुष्पेंद्र गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि मुस्कान राजस्थान टीम की प्रतिनिधि खिलाड़ी हैं। उन्होंने इससे पूर्व हाल ही में आयोजित जूनियर नेशनल किक-बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
मुस्कान की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके कोच गौरव कामरिया ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन आगामी सितंबर माह में आयोजित होने वाली वर्ल्ड किक-बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हो चुका है, जो जिले के लिए गर्व का विषय है। मुस्कान की इस सफलता से चित्तौड़गढ़ जिले में खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गौरवपूर्ण है, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत भी बनी है।
