म्हारो पावन चित्तौड़” विशेष सफाई अभियान आज कुंभा नगर में

चित्तौड़गढ़, । शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “म्हारो पावन चित्तौड़” विशेष सफाई अभियान का आयोजन आज कुंभा नगर स्थित वार्ड संख्या 15 से किया जाएगा। अभियान के तहत नगर परिषद द्वारा शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध रूप से व्यापक साफ-सफाई एवं सुधार कार्य किए जाएंगे।
अभियान के अंतर्गत सड़कों, नालियों एवं डिवाइडरों की समुचित सफाई की जाएगी तथा विभिन्न स्थानों से कचरा एकत्र कर डंपिंग स्थलों पर उसका निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही खाली भूखंडों की सफाई कर आवश्यकतानुसार चारदीवारी निर्माण की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा सड़कों, नालियों एवं नालों की मरम्मत, फेरो कवर लगाना, दीवारों पर रंगाई-पुताई कर सौंदर्यीकरण, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करना तथा आवश्यकतानुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने जैसे कार्य भी किए जाएंगे।
अभियान के दौरान असुरक्षित विद्युत केबल को सुरक्षित करने, ट्रांसफार्मरों की चारदीवारी करवाने, नाला-नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाने, मार्गों पर लंबे समय से खड़े खराब वाहनों को हटाने तथा वार्ड में स्थित पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई जैसे कार्य भी सुनिश्चित किए जाएंगे। इसके साथ ही आमजन को कपड़े की थैलियां वितरित कर पॉलिथीन के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
अभियान के प्रभारी जितेंद्र कुमार मीणा होंगे। इस दौरान नगर परिषद के राजस्व स्वच्छ भारत मिशन सहित सभी शाखा टीम के लगभग 70 कार्मिक अभियान में भाग लेंगे।
